न्यूज़ स्टेशन प्रधान संपादक पवन तिवारी

रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे हादसे का गवाह बना है। तेज रफ्तार ने एक प्रिंसिपल की जिंदगी छीन ली। दर्दनाक सड़क हादसा पिपरिया थाना क्षेत्र के रानी सागर के पास हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर की ओर से आ रही महाजन ट्रेवल्स की नॉन स्टॉप बस और कवर्धा की ओर से आ रही प्लेटिना मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान सुंदर नाविक, पिता भगत नाविक, निवासी ग्राम झिरना पिपरिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुंदर नाविक ग्राम डउकाबंधा में प्रिंसिपल के पद पर पदस्थ थे।
हादसे की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पिपरिया पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने हादसे में शामिल महाजन ट्रेवल्स की बस को अपनी कस्टडी में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही।
इधर, सुंदर नाविक की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों और परिचितों को मिली, परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक शिक्षक और प्रिंसिपल के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे सुंदर नाविक की अचानक हुई मौत से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
फिलहाल पिपरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट हो पाएगी।
रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर लगातार हो रहे हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *