न्यूज़ स्टेशन प्रधान संपादक पवन तिवारी

एसडीएम के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

कवर्धा | 07 अक्टूबर 2026
कवर्धा शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर के कुशल नेतृत्व में आज शहर की बदहाल व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने नगर पालिका परिषद, कवर्धा का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। “कवर्धा चलो” के आह्वान पर कवर्धा की सड़कों पर उतरी भारी भीड़ ने नगर पालिका प्रशासन और सत्तापक्ष की उदासीनता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनता के अधिकारों के लिए हुंकार भरी।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री अशोक सिंह ठाकुर ने कहा कि “कवर्धा नगर पालिका की घोर कुव्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही से आज शहर का हर नागरिक त्रस्त है। विकास के बड़े-बड़े दावों के पीछे भ्रष्टाचार और अनियमितता का बोलबाला है। जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदकर मौन साधे बैठा है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।”
प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम (SDM) के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन प्रस्तुत किया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि नगर पालिका परिषद कवर्धा में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की निष्पक्ष, उच्चस्तरीय जांच के लिए प्रशासनिक, तकनीकी एवं वित्तीय विशेषज्ञों की एक स्वतंत्र समिति गठित की जाए।
कांग्रेस द्वारा उठाए गए 10 प्रमुख जनहित के मुद्दे:
गौशाला की बदहाली एवं निष्पक्ष जांच: नगर पालिका द्वारा संचालित गौशाला में दर्जनों गौ-माताओं की हुई असामयिक मृत्यु पर गहरी चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों को पद से हटाकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष की भूमिका की जांच: गौशाला सहित नगर पालिका में सामने आए विभिन्न मामलों में अध्यक्ष की प्रशासनिक व नैतिक जिम्मेदारी की जांच करने एवं दोष सिद्ध होने पर पद से हटाने की मांग की गई।


DMF मद में अनियमितता की जांच: DMF मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, लागत, भुगतान और उपयोगिता की स्वतंत्र तकनीकी एवं वित्तीय एजेंसी से जांच कराने की मांग रखी गई।
सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्यों की जांच: करपात्री स्कूल, बीएसएनएल कार्यालय और वार्ड क्रमांक 09 में अटके सड़क चौड़ीकरण व निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने एवं शासकीय राशि की वसूली की मांग की गई।
सफाई एवं कचरा प्रबंधन में सुधार: शहर के सभी वार्डों, नालियों की नियमित सफाई और कचरा उठाव की बदतर स्थिति को सुधारने तथा लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया गया।
आवासीय पट्टा एवं PM आवास योजना: पात्र गरीब और जरूरतमंद परिवारों को तत्काल बिना किसी राजनीतिक पक्षपात के पारदर्शी तरीके से आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की मांग की गई।
हाईटेक बस स्टैंड कवर्धा की बदहाली: हाईटेक बस स्टैंड में सफाई, पेयजल, शौचालय और बैठने की मूलभूत सुविधाओं के अभाव को दूर कर तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई।
₹2 करोड़ की अधूरी चौपाटी का हिसाब: नगर पालिका कार्यालय के सामने लगभग ₹2 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन चौपाटी का कार्य 2 साल बाद भी अधूरा रहने पर निर्माण में देरी, गुणवत्ता और खर्चों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई।
पेयजल, बिजली व कर्मचारियों का रुका वेतन: शहर में पेयजल व लचर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ नगर पालिका के कर्मचारियों का नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का मुद्दा उठाया गया।
गड्ढा-मुक्त सड़कें व विकास कार्यों में पारदर्शिता: शहर की बदहाल एवं गड्ढों में तब्दील सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने तथा सभी विकास कार्यों में पारदर्शिता व जन-जवाबदेही तय करने की मांग रखी गई।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि महामहिम राज्यपाल के नाम सौंपे गए इस 10 सूत्रीय मांग पत्र पर शीघ्र ही ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी कवर्धा की जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर व्यापक एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस विशाल प्रदर्शन एवं घेराव आंदोलन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री नवीन जायसवाल पूर्व अध्यक्ष होरीराम साहू, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी छबिलाल वर्मा सौखी साहू उत्तरा दिवाकर,नारायणी टोंडर अध्यक्ष शहर महिला कांग्रेस,भीषम पांडेय उपाध्यक्ष कवर्धा कांग्रेस,गोपाल चंद्रवंशी महामंत्री ,मनीष शर्मा महामंत्री,भोलाराम चंद्रवंशी महामंत्री कवर्धा कांग्रेस, रानू दुबे पूर्व अध्यक्ष महिला कांग्रेस,दीपक ठाकुर रामायण सिन्हा पुष्पलता जोशी,कवर्धा शहर कांग्रेस कमेटी आकाश केशरवानी,विकाश केशरी,शितेस चंद्रवंशी राहुल सिन्हा,अरविंद चंद्रवंशी,मानस धुर्वे जयंत जायसवाल डोंगेन्द्र सेन,हीरा रात्रे,योगदत्त रात्रे, जितेन्द्र मानिकपुरी के वरिष्ठ पदाधिकारी,ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद,महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *