
न्यूज़ स्टेशन प्रधान संपादक पवन तिवारी
मांगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं, समाधान नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरेगा किसान संघ
कवर्धा। किसानों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ जिला कबीरधाम ने शासन-प्रशासन के समक्ष किसानों की आवाज बुलंद करते हुए छह सूत्रीय मांगों को लेकर निर्णायक पहल की है। शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को संघ द्वारा माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम जिलाधीश महोदय कबीरधाम के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों की ज्वलंत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
संघ ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों से किए गए वादे केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचना चाहिए। किसान दिन-रात मेहनत करके अन्न और गन्ने का उत्पादन करता है, लेकिन जब उसे अपने अधिकारों और घोषित आर्थिक लाभ के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें, तो यह व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
ज्ञापन में उठाए गए छह प्रमुख मुद्दे इस प्रकार हैं—
- गन्ना किसानों को पूरा ₹96 प्रति क्विंटल बोनस दिया जाए।
जिले के दोनों शक्कर कारखानों में गन्ना किसानों को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा घोषित ₹96 प्रति क्विंटल बोनस के स्थान पर मात्र ₹70 प्रति क्विंटल दिए जाने का मुद्दा उठाया गया। संघ ने किसानों से किए गए वादे के अनुरूप पूर्ण ₹96 प्रति क्विंटल बोनस का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
- धान पंजीयन एवं रकबा संशोधन तत्काल किया जाए।
जिले के लाखों किसानों का एकीकृत पोर्टल में धान पंजीयन एवं रकबा संशोधन नहीं हो पाने से किसान परेशान हैं। संघ ने सोसायटी के माध्यम से सभी पात्र किसानों का रकबा संशोधन शीघ्र कराकर उन्हें धान खरीदी एवं शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित होने से बचाने की मांग की।
- ग्रामीण सड़कों की बदहाली दूर की जाए।
ग्राम पोड़ी से जेवड़न तथा ग्राम खैड़ादा सुखाताल बैहरसरी एवं उसलापुर तक की सड़कें जर्जर अवस्था में हैं। इन मार्गों की तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक निर्माण कार्य कराने की मांग की गई, जिससे किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।
- गन्ना परिवहन मार्ग का निर्माण प्राथमिकता से हो।
ग्राम दौजरी,नाऊडीह से हरिनछपरा तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई। भोरमदेव शक्कर कारखाने में गन्ने की आवक प्रारंभ हो चुकी है तथा लगभग 50 प्रतिशत गन्ना आपूर्ति इसी मार्ग से होती है। ऐसे में इस मार्ग की बदहाली गन्ना किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन रही है। - नहर तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए।
रवेेली से सुरजपुरा, सुखाताल, बैहरसरी, बघर्रा एवं सिल्हाटी होते हुए नहर तक की सड़क को पक्का बनाने की मांग की गई, ताकि किसानों को खेतों तक पहुंचने, कृषि कार्य एवं उपज के परिवहन में सुविधा मिल सके।
- बोड़ला से कुंडा सड़क की तत्काल मरम्मत हो।
बोड़ला से कुंडा तक की सड़क अत्यंत जर्जर हो चुकी है। संघ ने इस महत्वपूर्ण मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान क्षेत्रवासियों की परेशानी की ओर आकर्षित किया।
किसान हितों पर समझौता नहीं, संगठन संघर्ष के लिए तैयार
समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ ने शासन-प्रशासन से दो टूक कहा कि किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। घोषणाओं और आश्वासनों से आगे बढ़कर धरातल पर ठोस कार्यवाही होना आवश्यक है। किसानों को उनका घोषित आर्थिक अधिकार मिले, धान पंजीयन एवं रकबा संशोधन की समस्याएं दूर हों और ग्रामीण सड़कों का निर्माण हो, यही संघ की प्राथमिकता है।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि इन छह सूत्रीय मांगों का समयबद्ध निराकरण नहीं किया गया तो संगठन किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन एवं व्यापक किसान आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी संपूर्ण जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी।
संगठन की एकजुटता ही किसानों की सबसे बड़ी ताकत
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष शत्रुहन वर्मा, महेंद्र चंद्रवंशी, सुनील जायसवाल, कमलकांत गुप्ता, शिवदयाल साहू, जिला अध्यक्ष सोनी वर्मा, राजाराम वर्मा,शिवकुमार साहू, पंडरिया ब्लॉक अध्यक्ष रंजित साहू, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष उमेश वर्मा, कुंडा अध्यक्ष सुभाष चंद्राकर, श्याम सुंदर, लोहारा अध्यक्ष सालिक राम डडसेना किरण वर्मा, जितेंद्र वर्मा, प्रेमी साहू, हरिश, राजकुमार, मोहन, भुनेश्वर साहू, हेमंत वर्मा, चंद्रशेखर, दीपक वर्मा, प्रदुम वर्मा उमेश वर्मा देवप्रसाद वर्मा दीपक वर्मा सहित जिले के किसान एवं संघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।