न्यूज़ स्टेशन प्रधान संपादक पवन तिवारी

लोकतंत्र में जनता का वोट ही सबसे बड़ी ताकत है, मतदाता सूची की हर गड़बड़ी पर सवाल उठाना और अपने मताधिकार की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है – मणिकांत त्रिपाठी*

*कवर्धा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कवर्धा ग्रामीण के अंतर्गत कवर्धा ग्रामीण मंडल के ग्राम बम्हनी में कांग्रेस द्वारा जन चौपाल का आयोजन किया गया।

जन चौपाल के माध्यम से कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर मतदाता सूची, वोट चोरी के आरोपों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष होरीराम साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, कार्यक्रम प्रभारी भीषम पांडे, ब्लॉक प्रभारी बृजेश सिंह चंद्रवंशी, मंडल अध्यक्ष नंदराम पाटिल, सेक्टर अध्यक्ष रामफल कौशिक एवं भुवनेश्वर पटेल सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा पर भी गंभीर चर्चा जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को जन चौपाल के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

मणिकांत त्रिपाठी ने उठाए चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कवर्धा ग्रामीण के अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने से मजबूत नहीं होता, बल्कि चुनाव प्रक्रिया पर जनता का विश्वास और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम सुरक्षित रहना भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी लगातार देश में मतदाता अधिकारों, वोट चोरी के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता का सवाल राष्ट्रीय स्तर पर उठा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी भी इन सवालों को गांव-गांव तक ले जाकर आम नागरिकों के बीच जागरूकता पैदा कर रही है।

त्रिपाठी ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के संदर्भ में कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। यदि किसी नागरिक के नाम, पते अथवा अन्य विवरण में गलती है, तो उसका समय पर निराकरण होना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और भाजपा सरकार के साथ उसके संबंधों को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने ग्रामीणों को फॉर्म 6, 7 और 8 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि फॉर्म 6 नए मतदाता के रूप में नाम जुड़वाने, फॉर्म 7 मतदाता सूची में नाम हटाने संबंधी आपत्ति तथा फॉर्म 8 नाम, पते और अन्य विवरणों में सुधार अथवा निर्धारित परिस्थितियों में स्थानांतरण के लिए उपयोग किया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने परिवार और गांव के लोगों के मतदाता पहचान पत्र एवं मतदाता सूची में दर्ज नाम की जांच अवश्य करे। किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने या गलत तरीके से हटाए जाने की आशंका हो तो संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं बीएलओ के समक्ष नियमानुसार शिकायत दर्ज कराए।

अंत में त्रिपाठी ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का विश्वास है और जनता के विश्वास की बुनियाद उसका मताधिकार है। मतदाता सूची में पारदर्शिता, निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक पात्र नागरिक के वोट की सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास है। जन चौपाल के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर संवाद जारी रखेंगे। कार्यक्रम का कुशल संचालन पीला राम कौशिक ने किया । जन चौपाल कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में अमानगरिक एवं कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *