न्यूज़ स्टेशन प्रधान संपादक पवन तिवारी

*कवर्धा। राष्ट्रव्यापी ‘वोट चोरी जन आंदोलन’ के तहत शहर कांग्रेस कमेटी, कवर्धा शहर अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सिग्नल चौक पर आम नागरिकों के बीच वोट चोरी से संबंधित पर्चे वितरित कर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
शहर अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और आम मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार को भाजपा सरकार का कथित संरक्षण मिलने तथा चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों के विरोध में कांग्रेसजन लगातार प्रदेशभर में जिला, शहर एवं ब्लॉक स्तर पर आंदोलन कर रहे हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है और वोट की ताकत से खिलवाड़ देश के संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। मतदाता अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सके और चुनाव प्रक्रिया पर जनता का विश्वास कायम रहे, यह चुनाव आयोग एवं सरकार की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेताओं ने आम नागरिकों के बीच पर्चे वितरित कर वोट चोरी से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट का सम्मान सर्वोपरि है। यदि मताधिकार की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो उनका पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी मतदाता के अधिकारों की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कवर्धा ग्रामीण अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, संतोष यादव, भीषम पांडे, तुकेश्वर साहू, सितेश चंद्रवंशी, जलेश्वर यादव, गणेश योगी, बिन्नू तिवारी, दोगेंद्र सेन, बाबा खान, बिलाल खान, प्रशांत परिहार, दुर्गेश जायसवाल, सुधांशु बघेल, राजा झरिया, भरत राजपूत सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *